संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित छऊ मुखौटा शिल्पकार सुशांत महापात्र एवं युवा कलाकार कुना सामल को नगर अध्यक्ष ने किया सम्मानित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 11 जून : सरायकेला की समृद्ध छऊ परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने वाले प्रसिद्ध छऊ मुखौटा शिल्पकार गुरु सुशांत कुमार महापात्र तथा नवोदित छऊ कलाकार कुना सामल को गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय, सरायकेला में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने दोनों प्रतिभाओं को शॉल, पुष्पगुच्छ प्रदान कर अभिनंदन किया।

इस अवसर पर अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सरायकेला की छऊ कला यहां की सांस्कृतिक विरासत और पहचान है। गुरु सुशांत कुमार महापात्र को वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त होना पूरे सरायकेला एवं झारखंड के लिए गौरव की बात है। वहीं युवा कलाकार कुना सामल का उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के लिए चयन होना यह दर्शाता है कि नई पीढ़ी भी छऊ कला को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र की ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करना समाज का दायित्व है, ताकि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़कर उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित हो सके।

सम्मान प्राप्त करने के बाद गुरु सुशांत कुमार महापात्र एवं कुना सामल ने नगर पंचायत एवं अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें छऊ कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा।

कार्यक्रम में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, छऊ कला से जुड़े कलाकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

“छऊ हमारी संस्कृति, हमारी पहचान” के संदेश के साथ आयोजित यह सम्मान समारोह सरायकेला की सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और गौरव का प्रतीक बना।

Share This Article