राजनगर में निकला 5 फीट लंबा कोबरा, सर्प मित्र ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
राजनगर, 10 जून : सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर पंचायत के पाखनाडीह गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ग्रामीण मंटू महतो के घर में लगभग 5 फीट लंबा विषैला कोबरा सांप दिखाई दिया। सांप निकलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही सर्प मित्र राजा बारिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरी सतर्कता और विशेषज्ञता के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर कोबरा सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और पूरे अभियान को उत्सुकता से देखते रहे।
सांप को पकड़ने के बाद उसे मानव बस्ती से दूर प्राकृतिक एवं सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या वन्यजीव को नुकसान न पहुंचे।
ग्रामीणों ने सर्प मित्र राजा बारिक के त्वरित प्रयास, साहस और सूझबूझ की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजा बारिक एवं समाजसेवी अजय कुमार गोप ने लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में घर और आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई बनाए रखें, रात में बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करें तथा जमीन पर सोने वाले लोग मच्छरदानी का इस्तेमाल अवश्य करें। साथ ही, किसी भी सांप को देखकर घबराने या उसे मारने की कोशिश करने के बजाय तत्काल प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते रेस्क्यू नहीं होता तो कोई अप्रिय घटना भी हो सकती थी। सर्प मित्र की तत्परता से एक बड़ा खतरा टल गया।