हृदयाघात के बाद अस्पताल में भर्ती भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान से मिले पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा
जमशेदपुर/आदित्यपुर, 05 जून : सरायकेला-खरसावां भाजपा के जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान को हृदयाघात होने के बाद आदित्यपुर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचार के बाद उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है और फिलहाल उन्हें आईसीयू में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
जिलाध्यक्ष के अस्वस्थ होने की सूचना मिलने पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शुक्रवार को अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इलाजरत हरेकृष्ण प्रधान का कुशलक्षेम जाना तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं परिजनों से भी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।
अस्पताल में पूर्व मुख्यमंत्री के साथ आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सिंह सरदार, पूर्व उपमहापौर बॉबी सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवास महापात्र, अमितेश अमर, भाजपा आरआईटी मंडल अध्यक्ष अभिषेक विशाल, भाजपा आदित्यपुर पूर्व मंडल महामंत्री संजीव कुमार तथा भाजपा नेता छवि महतो भी मौजूद थे।
भाजपा नेताओं ने हरेकृष्ण प्रधान के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया। पार्टी कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने भी जिलाध्यक्ष के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।