आदित्यपुर-गम्हरिया मुख्य सड़क पर महाजाम के खिलाफ प्रशासन सख्त, अवैध भवनों और बिना पार्किंग वाले कॉम्प्लेक्स होंगे चिन्हित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदित्यपुर-गम्हरिया मुख्य सड़क पर महाजाम के खिलाफ प्रशासन सख्त, अवैध भवनों और बिना पार्किंग वाले कॉम्प्लेक्स होंगे चिन्हित

आदित्यपुर, 20 मई : आदित्यपुर-गम्हरिया मुख्य सड़क पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन अब सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक सड़क पर लगने वाले लंबे जाम को देखते हुए प्रशासन ने पहले सड़क किनारे के अस्थायी अतिक्रमण हटाए हैं, वहीं अब बिना नक्शा पास कराए बने बहुमंजिला भवनों और बिना पार्किंग के संचालित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को चिन्हित कर कार्रवाई की योजना बनाई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क जाम की सबसे बड़ी वजह अव्यवस्थित तरीके से बने मॉल, टावर और व्यावसायिक भवन हैं। कई बिल्डरों ने भवनों के ग्राउंड फ्लोर में पार्किंग की व्यवस्था करने के बजाय वहां दुकानें बनाकर किराए पर दे दी हैं। इसके कारण दुकानों में आने वाले ग्राहकों के वाहन मुख्य सड़क और सर्विस रोड पर खड़े रहते हैं, जिससे घंटों यातायात बाधित रहता है।
लोगों का आरोप है कि हाउसिंग बोर्ड के आवासीय मकानों को तोड़कर अवैध रूप से बहुमंजिला व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स खड़े कर दिए गए हैं। कुछ भवन ऐसी जमीनों पर भी बनाए गए हैं, जिन्हें पूर्व में दान की जमीन बताया जाता है। वर्तमान में वहां बड़े शोरूम और व्यापारिक प्रतिष्ठान संचालित हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि प्रशासन ने अस्थायी अतिक्रमण तो हटा दिया, लेकिन स्थायी अवैध निर्माणों पर कार्रवाई जरूरी है। हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री सह विधायक चंपाई सोरेन ने भी जिला प्रशासन को बिना नक्शा के बने बहुमंजिला भवनों पर कार्रवाई का निर्देश दिया था।
सूत्रों के मुताबिक प्रशासन अब बिना नक्शा पास कराए बने भवनों, अवैध पार्किंग व्यवस्था और नियमों का उल्लंघन करने वाले बिल्डरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है, ताकि आदित्यपुर-गम्हरिया मुख्य सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।

Share This Article