विज्ञान शिक्षक की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह में शिक्षक प्रतिनियुक्ति का आश्वासन

Manbhum Updates
2 Min Read

विज्ञान शिक्षक की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह में शिक्षक प्रतिनियुक्ति का आश्वासन

पटमदा, 12 मई : उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में विज्ञान शिक्षक नहीं रहने पर विद्यार्थयों काे पढ़ाई में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को विद्यालय के कक्षा 9वीं व 10वीं के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में विज्ञान विषय के शिक्षक की कमी को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास को ज्ञापन सौंपा। विद्यार्थियों ने बताया कि विद्यालय में विज्ञान शिक्षक नहीं रहने के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा मैट्रीक परीक्षा की तैयारी में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने तत्काल जिला शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर उत्क्रमित उच्च विद्यालय चौरा में विज्ञान शिक्षक की प्रतिनियुक्ति करने का आग्रह किया। इस पर जिला शिक्षा प्रसार पदाधिकारी ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर विद्यालय में विज्ञान विषय के शिक्षक की प्रतिनियुक्ति कर दी जाएगी। बीडीओ ने विद्यार्थियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होने दी जाएगी। शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा।

जिला शिक्षा विभाग से मिले आश्वासन के बाद छात्र-छात्राओं में खुशी देखी गई। विद्यार्थियों के इस पहल में समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने भी विद्यार्थियों की समस्याओं को देखते हुए सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलना उनका अधिकार है और शिक्षक की कमी के कारण बच्चों का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग करते हुए विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया।

Share This Article