अब आपकी बात सीधे राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग तक – कल चांडिल में ऐतिहासिक बैठक, विस्थापितों की उपस्थिति जरूरी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 27 अप्रैल : सुवर्णरेखा परियोजना (चांडिल डैम) से प्रभावित विस्थापित परिवारों के लिए कल यानी 28 अप्रैल का दिन बेहद महत्वपूर्ण साबित होने जा रहा है। अनुमण्डल प्रशासन, चांडिल के तत्वावधान में मंगलवार को सुबह 10 बजे अनुमण्डल कार्यालय के सभाकक्ष में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) की स्पेशल रैपोर्टियर सुचित्रा सिन्हा स्वयं उपस्थित रहकर विस्थापितों की समस्याएं सुनेंगी।

यह पहली बार है जब विस्थापित परिवारों को अपनी बात सीधे राष्ट्रीय स्तर के मानवाधिकार प्रतिनिधि के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। ऐसे में प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण बैठक में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को खुलकर रखें।

बैठक में सुवर्णरेखा परियोजना से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुनर्वास पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, अंचल प्रशासन सहित संबंधित पंचायतों के मुखिया भी मौजूद रहेंगे। वहीं, टाटा कंपनी (CSR) के प्रतिनिधि को भी बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया गया है, ताकि विकास और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर ठोस पहल हो सके।

प्रशासन ने पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के विस्थापित परिवारों को बैठक की सूचना दें और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराएं, ताकि किसी भी प्रभावित व्यक्ति की आवाज दब न जाए।

बैठक में पुनर्वास, मुआवजा, पेयजल संकट, बुनियादी सुविधाएं, भूमि संबंधी समस्याएं समेत कई अहम विषयों पर खुलकर चर्चा होगी। इस बैठक को विस्थापितों की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

विस्थापित संगठनों की अपील है कि यह अवसर बार-बार नहीं आता। अपने हक और अधिकार की आवाज बुलंद करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में बैठक में शामिल हों।

Share This Article