नीमडीह, 23 अप्रैल : झारखंड में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर बढ़ती घटनाओं के बीच नीमडीह पुलिस ने लोगों को जागरूक करने की पहल तेज कर दी है। थाना परिसर के साथ-साथ थाना क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर बैनर एवं पम्पलेट लगाकर व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा लगाए गए बैनरों और वितरित किए जा रहे पम्पलेट के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में संयम बनाए रखें। साथ ही स्पष्ट संदेश दिया गया है कि किसी भी व्यक्ति के साथ अफवाह के आधार पर दुर्व्यवहार या मारपीट न करें, बल्कि तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें।
गौरतलब है कि विगत कुछ महीनों से झारखंड के विभिन्न जिलों में बच्चा चोरी की अफवाहों ने तूल पकड़ लिया है। कई जगहों से ऐसी खबरें सामने आई हैं, जहां संदेह के आधार पर लोगों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटनाएं हुई हैं। हालांकि पुलिस विभाग का स्पष्ट कहना है कि अब तक राज्य में बच्चा चोरी की किसी भी घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और यह पूरी तरह से अफवाहों पर आधारित मामला है।
नीमडीह पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि अफवाहों से बचें, सतर्क रहें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का साथ दें। पुलिस ने यह भी दोहराया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से पुलिस न केवल अफवाहों पर अंकुश लगाने का प्रयास कर रही है, बल्कि समाज में शांति और आपसी विश्वास बनाए रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।