युवाओं के लिए बड़ा अवसर : निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार का सुनहरा मौका

Manbhum Updates
2 Min Read

 

सरायकेला, 17 अप्रैल : सरायकेला-खरसावां जिले के युवक-युवतियों को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। PanIIT Alumni Reach For Jharkhand Foundation के सहयोग से संचालित प्रेझा फाउंडेशन द्वारा जिले के युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार उपलब्ध कराने हेतु नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नीतिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार फाउंडेशन द्वारा संचालित कल्याण गुरुकुलों, नर्सिंग संस्थानों एवं आईटीआई में विभिन्न रोजगारोन्मुखी ट्रेड्स में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर उन्हें देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण के अंतर्गत मैन्युफैक्चरिंग (वेल्डिंग, फिटिंग, कटिंग), इंटरनेशनल स्किल (इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, पाइप फिटर, एसी मैकेनिक), फोर्कलिफ्ट ड्राइविंग, मशीनिस्ट (महिलाओं के लिए) एवं सिलाई मशीन ऑपरेटर (महिलाओं के लिए) जैसे ट्रेड्स शामिल हैं। प्रशिक्षण कार्यक्रम 45 से 90 दिनों का अल्पकालिक होगा, प्रशिक्षण अवधि के दौरान आवास एवं भोजन की निःशुल्क व्यवस्था और प्रशिक्षण उपरांत देश की नामी कंपनियों में रोजगार के अवसर मिलेगा।

उपायुक्त ने जिले के सभी युवक-युवतियों से अपील करते हुए कहा है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाकर कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करें और आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने अभिभावकों एवं आम नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने आसपास के युवाओं को इस योजना की जानकारी दें एवं उन्हें नामांकन हेतु प्रेरित करें, ताकि जिले में रोजगार के अवसरों का विस्तार हो सके।

Share This Article