हादसे में दो बच्चों की मौत से बौखलाए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, राहगीर बेहाल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पटमदा, 15 अप्रैल : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर पटमदा थाना अंतर्गत बामनी टोला बड़डीह में मंगलवार रात हुई भीषण सड़क दुर्घटना में दो बच्चों की मृत्यु हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौत से बौखलाए स्थानीय ग्रामीणों ने बुधवार की शाम सड़क पर शव रखकर आवागमन बाधित कर दिया। सड़क जाम रहने के कारण देखते ही देखते सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। शाम करीब 4:30 बजे शुरू हुआ सड़क जाम देर शाम 8 बजे तक जारी था।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही पटमदा के अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास, सर्किल इंस्पेक्टर अजय कुमार मुंडा, थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता समेत प्रशासनिक टीम, कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण जाम स्थल पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी ने स्थिति को नियंत्रित कर सड़क जाम हटाने और समाधान निकालने का प्रयास किया।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार की रात अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। उक्त सड़क पर तेज रफ्तार और अव्यवस्थित रूप से वाहनों के चलने से आक्रोशित लोगों ने सड़क जामकर प्रशासन से इस पर अंकुश लगाने की मांग की। ईधर, सड़क जाम रहने के कारण राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई राहगीर वैकल्पिक मार्ग होकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।

वहीं, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और परिजनों के बीच वार्ता जारी है। स्थानीय लोग मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग पर अड़े हुए हैं और वाहन मालिक को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल सड़क जाम हटाने के लिए पुलिस – प्रशासन, जनप्रतिनिधि, स्थानीय समाजसेवी और परिजनों के बीच वार्ता जारी है।

Share This Article