सरायकेला में देशी कला के साथ सुरों का संगम, छौ महोत्सव में गूंजेगी बॉलीवुड गायिका सोना महापात्र की आवाज

Manbhum Updates
2 Min Read

सरायकेला, 10 अप्रैल : राजकीय चैत्र पर्व छौ महोत्सव–2026 इस बार और भी खास होने जा रहा है। हर वर्ष की तरह सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में इस बार बॉलीवुड की दमदार और बुलंद आवाज की धनी गायिका सोना महापात्र अपनी प्रस्तुति देंगी।


अपने अनोखे अंदाज और सशक्त गायकी के लिए जानी जाने वाली सोना महापात्र के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उनके गीतों की गूंज से महोत्सव में एक अलग ही रंग जमने की उम्मीद है।
सोना महापात्र ने खुद एक वीडियो साझा कर इस आयोजन में शामिल होने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।

सुनिए सोना महापात्र का संदेश 

महोत्सव में उनकी प्रस्तुति को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। अपने हिट गीतों से वे पहले ही देशभर में पहचान बना चुकी हैं। अबतक उनके लोकप्रिय गीतों ने खूब सुर्खियां बटोरी है।

छौ नृत्य की पारंपरिक छटा और बॉलीवुड संगीत का यह संगम इस वर्ष के महोत्सव को और भी यादगार बनाने वाला है। प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं और बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
सरायकेला का यह सांस्कृतिक आयोजन न केवल झारखंड की परंपरा को प्रदर्शित करता है, बल्कि देशभर के कलाकारों के लिए एक बड़ा मंच भी साबित हो रहा है।

Share This Article