जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में NEP 2020 पर व्याख्यान आयोजित

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 01 अप्रैल : जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय, सिदगोड़ा के स्वर्णरेखा ऑडिटोरियम में एनईपी सारथी के तत्वावधान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर एक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कुलपति डॉ एला कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत एनईपी सारथियों द्वारा NEP 2020 की संक्षिप्त जानकारी से हुई। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन एवं पौधारोपण के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ सलोमी कुजूर, प्रॉक्टर डॉ सुधीर कुमार साहू, मुख्य वक्ता डॉ रमा सुब्रह्मणियन तथा एनईपी सारथी समन्वयक डॉ सोनाली सिंह उपस्थित थे।

इस अवसर मुख्य वक्ता डॉ. रमा सुब्रह्मणियन ने एनइपी 2020 के प्रमुख घटकों पर विस्तृत प्रकाश डाला। उन्होंने नेशनल क्रेडिट फ्रेमवर्क के अंतर्गत शैक्षणिक समानता, बहुविषयक एवं अनुभवात्मक शिक्षण तथा मल्टीपल एंट्री-एग्जिट प्रणाली की महत्ता बताई। साथ ही एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट की उपयोगिता, इसके माध्यम से क्रेडिट संचित एवं स्थानांतरण की सुविधा तथा डिजिलॉकर के जरिए इसकी सुरक्षित संरचना को समझाया।

उन्होंने NEP पाठ्यक्रम के अंतर्गत समग्र एवं बहुविषयक शिक्षा, ऐच्छिक विषयों का चयन, पांचवें सेमेस्टर के बाद इंटर्नशिप तथा शैक्षणिक प्रगति की संरचना पर भी प्रकाश डाला। साथ ही परीक्षा संबंधी नियमों में आंतरिक एवं बाह्य दोनों परीक्षाओं में सम्मिलित होना अनिवार्य बताया गया तथा संशोधित उपस्थिति नीति (5–10 अंक) के माध्यम से छात्रों में अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसके पश्चात प्रॉक्टर डॉ. सुधीर कुमार साहू ने अध्यक्षीय संबोधन दिया। अंत में एनईपी सारथियों द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर डॉ. दीपा शरण, डॉ. कामिनी कुमारी, डॉ. ग्लोरिया पूर्ति, डॉ. छगन लाल अग्रवाल, डॉ. स्वेता प्रसाद, डॉ. केया बनर्जी, डॉ. शालिनी प्रसाद, डॉ. मधुश्री प्रियदर्शिनी, डॉ. भारती वर्ष्णेय, डॉ. रिजवाना परुबन, अनीता शुक्ला, मिस अमृता कुमारी, श्री नरेश कुमार मंडल एवं संचिता गुहा सहित अनेक गणमान्य शिक्षाविद् उपस्थित रहे।

Share This Article