धनबाद में पुलिस–अपराधी मुठभेड़, प्रिंस खान गिरोह के दो सदस्य घायल : रांची होटल कर्मी हत्या कांड का खुलासा

धनबाद, 16 मार्च : रांची और धनबाद पुलिस द्वारा कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे संयुक्त अभियान में सोमवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। इस दौरान धनबाद में पुलिस की विशेष टीम और गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें गिरोह के लोकल हैंडलर कुबेर समेत दो अपराधियों को गोली लगने की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्यों के धनबाद क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाते हुए छापेमारी की। इस दौरान गिरोह के सदस्यों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गिरोह के लोकल हैंडलर कुबेर समेत दो अपराधी घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े कई अन्य अपराधियों को भी पकड़ने में सफलता हासिल की है। वहीं इस ऑपरेशन के साथ ही पिछले सप्ताह रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में हुए होटल कर्मी की हत्या कांड का भी खुलासा होने की बात सामने आई है।
हालांकि इस पूरे मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। संभावना है कि वरीय पुलिस अधिकारी शाम तक प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया को देंगे।



