झारखंड पुलिस को मिले नए वाहन, 12 जिलों में संयुक्त थानों के निर्माण की शुरुआत

रांची, 13 मार्च : राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा आम लोगों की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार ने पुलिस विभाग को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर राज्य के सभी थानों के लिए कुल 1255 चार पहिया वाहन और 1697 दो पहिया वाहन स्वीकृत किए गए हैं।
पहले चरण में 636 चार पहिया और 849 दो पहिया वाहन खरीदे जा चुके हैं, जिन्हें शुक्रवार को राज्य के विभिन्न थानों को सौंपा जा रहा है। सरकार का मानना है कि इससे पुलिस की गश्ती व्यवस्था और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता में काफी सुधार होगा।
इसके साथ ही राज्य के 12 जिलों में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 12 संयुक्त थानों के निर्माण की भी शुरुआत की जा रही है। इन संयुक्त थानों में एक ही परिसर में महिला थाना, साइबर थाना, मानव तस्करी निरोधक इकाई (AHTU) और अनुसूचित जाति/जनजाति थाना की व्यवस्था होगी।
सरकार के अनुसार यह पहल पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंडवासियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है और उनकी सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



