गम्हरिया थाना मोड़ पर चला यातायात जांच अभियान, तीन वाहनों से 78 अतिरिक्त यात्री मिले

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गम्हरिया थाना मोड़ पर चला यातायात जांच अभियान, तीन वाहनों से 78 अतिरिक्त यात्री मिले

सरायकेला, 07 मार्च : सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को गम्हरिया थाना मोड़ के समीप यातायात पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान शाम करीब 6 बजे यातायात थाना प्रभारी राजू के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें यातायात थाना के पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे।

 

अभियान के दौरान सवारी वाहनों की जांच की गई। जांच में तीन वाहन ऐसे पाए गए, जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर वाहन चलाया जा रहा था। इन वाहनों में कुल 78 यात्री सवार पाए गए, जो निर्धारित सीटिंग क्षमता से अधिक थे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले इन वाहनों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई।

 

इस दौरान वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। वहीं यात्रियों को भी जागरूक करते हुए कहा गया कि यदि किसी सवारी वाहन की सीटिंग क्षमता पूरी हो चुकी हो तो उस पर न बैठें और दूसरे वाहन का इंतजार करें, ताकि सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

 

यातायात थाना की ओर से जिले के आम लोगों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article