काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला से मतदान दल रवाना

जिला निर्वाचन पदाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण
सरायकेला, 22 फरवरी : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार को होने वाले मतदान के लिए प्रतिनियुक्त मतदान कर्मियों को काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला स्थित डिस्पैच सेंटर से विधिवत रवाना किया गया।
डिस्पैच कार्य का संयुक्त रूप से निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने किया। अधिकारियों ने मतदान सामग्रियों की उपलब्धता, सीलबंदी, अभिलेख संधारण, सुरक्षा व्यवस्था तथा परिवहन प्रबंधन की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र के लिए (रिजर्व सहित) 16, कपाली नगर परिषद क्षेत्र के लिए 39 तथा आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए 170 मतदान दलों को संबंधित क्लस्टरों के लिए रवाना किया गया। सरायकेला नगर पंचायत में 13, कपाली नगर परिषद में 31 तथा आदित्यपुर नगर निगम में 136 मतदान केंद्रों के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिन केंद्रों पर 1000 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, वहां अतिरिक्त कर्मी तैनात किए गए हैं।
सरायकेला नगर पंचायत के 3, कपाली नगर परिषद के 31 तथा आदित्यपुर नगर निगम के 5 मतदान केंद्रों को पर्दानशीन बूथ के रूप में चिह्नित करते हुए प्रत्येक बूथ पर एक महिला कर्मी की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
अधिकारियों ने मतदान कर्मियों से स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक वातावरण में मतदान संपन्न कराने की अपील की। मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना 27 फरवरी को काशी साहू महाविद्यालय, सरायकेला में संपन्न होगी।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हसदा, निदेशक डीआरडीए अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है।



