सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर चांडिल में मातृ सम्मेलन, माताओं की भागीदारी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर चांडिल में मातृ सम्मेलन, माताओं की भागीदारी

चांडिल, 22 फरवरी  : चांडिल के रूचाप स्थित नौरंगराय सूर्यादेवी सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर में आयोजित मातृ सम्मेलन में बड़ी संख्या में माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षिका झरना महतो ने किया। उन्होंने मां भारती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।

 

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य सुब्रत चटर्जी ने विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक और बौद्धिक विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा देने के साथ वैज्ञानिक सोच विकसित करना आवश्यक है, किंतु आध्यात्मिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति से उनका जुड़ाव भी बना रहना चाहिए।

 

उन्होंने चिंता व्यक्त की कि आधुनिक शिक्षा के प्रभाव में बच्चे ज्ञान तो अर्जित कर रहे हैं, परंतु अपनी संस्कृति और परंपराओं से दूर होते जा रहे हैं, जिससे माता-पिता और गुरुजनों के प्रति आदर भाव में कमी देखी जा रही है। सम्मेलन में इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई कि बच्चों में सामाजिक दायित्व बोध कैसे विकसित किया जाए और वे वैज्ञानिक सोच के साथ आध्यात्मिक मूल्यों को भी आत्मसात करें।

 

मनोरंजन सत्र में माताओं के बीच शंखध्वनि एवं रामायण-महाभारत आधारित प्रश्न मंच प्रतियोगिता आयोजित की गई। शंखनाद प्रतियोगिता में षष्ठी सिंह सरदार प्रथम, शिल्पा सिंह द्वितीय तथा कुंती लोहार तृतीय स्थान पर रहीं। प्रश्न मंच प्रतियोगिता में 25 माताओं को पुरस्कृत किया गया।

 

अध्यक्ष झरना महतो ने विद्यालय की प्रगति, पठन-पाठन, अनुशासन एवं आचार्य-दीदी के स्नेहपूर्ण व्यवहार पर संतोष व्यक्त किया। अंत में गीता महतो ने धन्यवाद ज्ञापन किया और शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Share This Article