खजुराहो नृत्य समारोह में मानभूम शैली छऊ नृत्य की गूंज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खजुराहो नृत्य समारोह में मानभूम शैली छऊ नृत्य की गूंज

 

खजुराहो (मध्य प्रदेश), 22 फरवरी : उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी तथा मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद के संयुक्त तत्वावधान में खजुराहो मंदिर परिसर में आयोजित 52वें खजुराहो नृत्य समारोह के दूसरे दिन मानभूम शैली की छऊ नृत्य की छटा बिखरी। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के नटराज कला केंद्र, चोगा, ईचागढ़ के कलाकारों ने छऊ नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 20 से 26 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित महोत्सव में देश-विदेश के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

दूसरे दिन की पहली प्रस्तुति दिल्ली के कथक नर्तक विश्वदीप द्वारा दी गई। इसके बाद अंतर्राष्ट्रीय छऊ नृत्य कलाकार प्रभात कुमार महतो के निर्देशन में झारखंड के 13 कलाकारों ने ‘अभिमन्यु वध’ की कथा को छऊ नृत्य शैली में सजीव रूप में प्रस्तुत किया। वीर रस और भावाभिव्यक्ति से परिपूर्ण इस प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं।

 

तीसरी प्रस्तुति कजाकिस्तान की अकमराल कायना सेवा द्वारा भरतनाट्यम की रही, जिसे दर्शकों ने सराहा। दल में प्रभात कुमार महतो के साथ सुचांद महतो, कार्तिक महतो, रामविलास महतो, दिनेश महतो, तानेश सिंह मुंडा, जनार्दन महतो, धर्मदेव महतो, मनोहर कालिंदी, माझी कालिंदी, कामेश्वर गोप सहित अन्य कलाकार शामिल थे।

मध्य प्रदेश के स्थानीय दर्शकों के साथ-साथ देश-विदेश से आए पर्यटकों ने नृत्य और संगीत की इस अद्भुत संध्या का भरपूर आनंद उठाया।

Share This Article