वार्ड संख्या 9 में राखाल सोरेन का तूफानी जनसंपर्क अभियान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

वार्ड संख्या 9 में राखाल सोरेन का तूफानी जनसंपर्क अभियान

जमशेदपुर, 21 फरवरी : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड संख्या 9 से प्रत्याशी राखाल सोरेन ने शनिवार को अपने समर्थकों के साथ व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान क्षेत्र में उत्साह और जनसमर्थन का माहौल देखने को मिला। सुबह 11 बजे बालिगुमा स्थित चुनावी कार्यालय से रैली की शुरुआत हुई। इसके बाद प्रचार यात्रा बालिगुमा नीचे बस्ती, बगाना बस्ती, ग्रीन सिटी, गायत्री होम्स, बाला कॉलोनी, सुखना बस्ती, भीम नगर, बालिगुमा ऊपर बस्ती, हरी मंदिर कुलही, कोचा कुलही, निर्माण साई, बास्तु विहार होते हुए गोड़गोड़ा पहुंचकर दोपहर 3 बजे संपन्न हुई।

 

अभियान में लगभग 500 से अधिक महिला-पुरुषों की भागीदारी रही। विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर समर्थन जताया। महिलाओं और युवाओं की सक्रिय उपस्थिति ने प्रचार अभियान को और प्रभावी बनाया।

 

जनसंपर्क के दौरान राखाल सोरेन ने कहा कि वार्ड संख्या 9 को अपराधमुक्त, भयमुक्त और पारदर्शी प्रशासन वाला आदर्श वार्ड बनाया जाएगा। असामाजिक तत्वों, अवैध गतिविधियों, नशाखोरी और गुंडागर्दी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

 

उन्होंने बताया कि प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर शांति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही सीसीटीवी और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत करने तथा प्रत्येक मोहल्ले में जनसहभागिता समिति गठित कर समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने मतदाताओं से “ब्लैकबोर्ड” चुनाव चिन्ह पर मतदान कर विकास, जवाबदेही और जनभागीदारी को समर्थन देने की अपील की।

 

जनसंपर्क अभियान को वार्ड में सकारात्मक राजनीतिक माहौल और मजबूत जनसमर्थन का संकेत माना जा रहा है।

Share This Article