आदिवासी छात्र एकता का 21 से 23 फरवरी तक कोल्हान बंद का आह्वान

चाईबासा, 18 फरवरी : आदिवासी छात्र एकता (केंद्रीय कमेटी) ने अनुसूचित क्षेत्रों में नगर निकाय चुनाव कराए जाने के विरोध में 21, 22 एवं 23 फरवरी 2026 को कोल्हान प्रमंडल में बंद का आहवान किया है। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण बंद काे सफल बनाने की अपील की गई है। इस संबंध में संगठन की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र प्रेषित किया गया है। पत्र की प्रति कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त के अलावा पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त को भी सौंपी गई है।
पत्र में कहा गया है कि भारतीय संविधान के 74वें संशोधन के तहत नगर निकायों के गठन का प्रावधान है, किंतु अनुसूचित क्षेत्रों के संदर्भ में अनुच्छेद 243Q(1), 244(1) एवं 243ZC(1) विशेष व्यवस्था का संकेत देते हैं। संगठन का तर्क है कि अनुसूचित क्षेत्रों में नगर निकाय चुनाव कराने से पूर्व संसद द्वारा आवश्यक संशोधन या पृथक अधिनियम बनाया जाना चाहिए, जैसा कि पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम (PESA) 1996 के तहत पंचायत व्यवस्था के लिए किया गया है।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि बंद पूरी तरह लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा। अस्पताल, एंबुलेंस, दवा दुकान समेत अन्य आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा जाएगा। पत्र में यह भी तर्क दिया गया है कि झारखंड के अनुसूचित (आदिवासी) क्षेत्रों में नगर निकाय चुनाव कराने पर संवैधानिक रोक है, इसलिए जारी अधिसूचना पर पुनर्विचार या रोक लगाए जाने की आवश्यकता है। संगठन ने क्षेत्र की जनता से इस मुद्दे पर समर्थन की अपील की है। पत्र में आदिवासी छात्र एकता के संयोजक इंद्र हेम्ब्रम, केंद्रीय सदस्य राज बांकिरा, स्वपन सरदार, नंदलाल सरदार, पवन टुडू, जनता सरदार समेत कई लोगों के हस्ताक्षर हैं।



