महाशिवरात्रि पर चांडिल स्टेशन आरपीएफ शिव मंदिर से निकलेगी भव्य शिव बारात

चांडिल, 15 फरवरी : महाशिवरात्रि के अवसर पर चांडिल रेलवे स्टेशन स्थित आरपीएफ शिव मंदिर में रविवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तजन भगवान शिव का जलाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान है।
मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं की ओर से रात्रि में भव्य शिव बारात निकालने की तैयारी पूरी कर ली गई है। सजावट, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। शिव बारात आरपीएफ शिव मंदिर से प्रारंभ होकर जीआरपी थाना परिसर स्थित शिव मंदिर तक जाएगी, जहां विशेष पूजा एवं आरती का आयोजन किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रत्येक वर्ष महाशिवरात्रि पर यहां शिव बारात धूमधाम से निकाली जाती है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं शिवभक्त शामिल होते हैं। आयोजन को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।



