नगरपालिका आम निर्वाचन : द्वितीय चरण प्रशिक्षण सम्पन्न

सरायकेला, 11 फरवरी : नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के उद्देश्य से एनआर उच्च विद्यालय, सरायकेला में पीठासीन एवं प्रथम मतदान पदाधिकारियों का द्वितीय चरण प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। पीठासीन पदाधिकारियों को निर्वाचन निर्देशिका वितरित की गई तथा मतपेटी में पेपर सील लगाने की व्यवहारिक जानकारी दी गई। विभिन्न निर्वाचन प्रपत्रों को सही ढंग से भरने, मतदान सामग्री का मिलान करने और मतपत्रों पर प्रभेदक चिन्ह अंकित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को मतदान प्रारंभ होने से कम-से-कम एक घंटा पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा गया। मतदान केंद्र की गोपनीयता, मतदान अभिकर्ताओं की उपस्थिति, मतपेटी एवं मतदाता सूची के प्रदर्शन तथा आवश्यक घोषणाओं की प्रक्रिया समझाई गई। 100 मीटर की परिधि को प्रतिबंधित क्षेत्र बताते हुए प्रचार-प्रसार पर रोक की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को विधि-सम्मत एवं पारदर्शी तरीके से दायित्व निर्वहन के लिए सजग रहने का निर्देश दिया गया।



