जानूम–पलासडीह में छठा वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न, यंग बॉयज 1411 क्लब बना विजेता

कुकड़ू, 08 फरवरी : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत प्रखंड कुकड़ू के ग्राम जानूम–पलासडीह में मित्र सम्मेलन समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित छठा वनडे क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। इस टूर्नामेंट में कुल 8 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला एक्सएल 6 लवर बॉय डिपूटॉड और यंग बॉयज 1411 क्लब धनुडीह के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक प्रदर्शन करते हुए यंग बॉयज 1411 क्लब धनुडीह ने जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद प्रतिनिधि एवं झारखंड आंदोलनकारी सुनील कुमार महतो उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल के माध्यम से आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने पर जोर दिया।
इसके पश्चात विजेता टीम को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन चिरंजीत महतो एवं पंचानन महतो ने किया।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष निकुंज प्रामाणिक, उपाध्यक्ष इंद्रजीत महतो, सचिव गौतम महतो, कोषाध्यक्ष शिवनाथ महतो, खेल प्रभारी पतिलाल महतो, नरेश कुमार महतो, देवराज महतो, गंगाधर महतो, अशोक कुमार, मृत्युंजय महतो, सरबल पांडेय सहित कई गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।


