सरकारी बिजली तार चोरी का भंडाफोड़, बोलेरो पिकअप जब्त, एक गिरफ्तार, चार फरार

खूंटी, 07 फरवरी : खूंटी जिला के मुरहू थाना की पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर सरकारी बिजली विभाग के तार की चोरी का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घाघरा बनटोली में पुलिस ने बोलेरो पिकअप संख्या JH01DQ-0986 से चोरी किए गए बिजली तार को बरामद किया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि चार अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रांची जिले के बेड़ो घाघरा निवासी दिवंगत सलीम खान के 22 वर्षीय बेटा इरान खान के रूप में हुई है।
पुलिस ने बोलेरो वाहन से 34 बंडल सरकारी बिजली का तार, एक वायर कटर, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा विभिन्न कंपनियों के चार जोड़ा चप्पल बरामद किए हैं।
इस संबंध में मुरहू थाना में मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।



