NH-33 पर भीषण सड़क हादसा: अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से टेंपो सवार की मौत, महिला व दो बच्चे घायल

चांडिल, 07 फरवरी : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत चौका थाना क्षेत्र के नौतनडीह (झाबरी) के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में टेंपो सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक सहित एक महिला व दो बच्चे घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह रांची से टाटा की ओर तेज रफ्तार में जा रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने रांगामाटी से सवारी लेकर चांडिल गोलचक्कर जा रहे इलेक्ट्रिक टेंपो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर टाटा की ओर फरार हो गया।
हादसा इतना भीषण था कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टेंपो में सवार लगभग 45–50 वर्षीय एक व्यक्ति के सिर पर ट्रेलर का चक्का चढ़ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला, दो बच्चे तथा टेंपो चालक को हल्की-फुल्की चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा युवा नेता आकाश महतो और बजरंग दल के नेता नयन सिंह मौके पर पहुंचे और स्थानीय थाना को जानकारी दी। इसके बाद चौका थाना के एएसआई भगवान गौड़, कंप्यूटर ऑपरेटर महादेव साहू, चौकीदार रंजीत तांती एवं सुधीर तांती पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया।
वहीं सभी घायलों को इलाज के लिए चावलीबासा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। घायल महिला रांगामाटी के पहाड़डीह की रहने वाली बताई गई है, जबकि टेंपो चालक पथराखून का निवासी है। चौका थाना की पुलिस फरार ट्रेलर की तलाश में जुट गई है।



