बहरागोड़ा कॉलेज और तुलसीबनी आश्रम के विकास कार्यों को लेकर विधायक समीर मोहंती ने मंत्री से की मुलाकात

रांची/बहरागोड़ा, 28 अगस्त : बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती ने गुरुवार को झारखंड विधानसभा स्थित कार्यालय में राज्य के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा सह कला-संस्कृति, खेलकूद एवं पर्यटन मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू से मुलाकात की।
इस दौरान विधायक ने बहरागोड़ा महाविद्यालय में पुस्तकालय, ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, प्रशासनिक कक्ष, महिला विश्राम कक्ष एवं इनडोर स्टेडियम जैसी आधारभूत सुविधाओं के निर्माण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र का एकमात्र सरकारी महाविद्यालय है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ अध्ययनरत हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करना अत्यंत आवश्यक है।
साथ ही विधायक मोहंती ने क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल तुलसीबनी आश्रम के सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र शुरू करने का भी आग्रह किया।
मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शीघ्र ही इन विषयों पर कदम उठाए जाएंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
विधायक समीर मोहंती ने कहा कि शिक्षा और पर्यटन दोनों ही हमारे क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव हैं और इन क्षेत्रों में हरसंभव प्रयास जारी रहेगा।



