झालदा में अन्नपूर्णा योजना की शुरुआत, महिलाओं को वितरित किए गए प्रमाणपत्र
पुरुलिया/झालदा, 03 जून : महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना के तहत लाभुक महिलाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में पुरुलिया जिले के झालदा-1 नंबर ब्लॉक सभागार में बुधवार को एक कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं के बीच योजना से संबंधित प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) समेत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान लाभुक महिलाओं को योजना के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
अन्नपूर्णा योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके सामाजिक और आर्थिक स्तर को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शंकर महतो ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए बंगाल सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा योजना महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा, ताकि समाज के सभी वर्गों को विकास का लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भी योजना को लेकर उत्साह व्यक्त किया और इसे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली पहल बताया।