कपाली नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित तस्लीमा खातून करेंगी नामांकन, कार्यकर्ताओं में उत्साह
चांडिल, 02 फरवरी : आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की गतिविधियां तेज हो गई हैं। कपाली नगर परिषद के अध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी तस्लीमा खातून उर्फ़ तस्लीमा मल्लिक कल सुबह 10 बजे चांडिल अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस अवसर को लेकर कांग्रेस संगठन में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष कपाली शानूर रहमान (एसपी भाई) द्वारा जारी सूचना के अनुसार, नामांकन के दौरान पार्टी शक्ति प्रदर्शन के साथ एकजुटता का संदेश देगी। नामांकन कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, अल्पसंख्यक कांग्रेस, एनएसयूआई के नेता-कार्यकर्ता, साथ ही कपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं नगर कमिटी के सभी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
सूचना के अनुसार, सभी कांग्रेसजन झारखंड पब्लिक स्कूल मैदान, कपाली में एकत्रित होंगे, जहां से संगठित रूप से चांडिल अनुमंडल कार्यालय के लिए प्रस्थान किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि तस्लीमा खातून को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और उनका नामांकन कपाली की राजनीति में एक नई ऊर्जा और दिशा का संकेत है। पार्टी का दावा है कि तस्लीमा खातून के नेतृत्व में कपाली के सर्वांगीण विकास, सामाजिक न्याय और पारदर्शी प्रशासन को नई गति मिलेगी।
नामांकन को लेकर पूरे क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और कांग्रेस खेमे में इसे शक्ति और एकजुटता के प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।