राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जयदा मेला परिसर में जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक से दिया गया यातायात नियमों का संदेश

चांडिल, 17 जनवरी : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अंतर्गत “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” थीम पर शुक्रवार को सरायकेला–खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर आमजनों को जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के तहत जिले के अत्यंत भीड़-भाड़ वाले जयदा मंदिर मेला परिसर में नुक्कड़ नाटक (स्ट्रीट प्ले) का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों के पालन, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने जैसे महत्वपूर्ण संदेश आम लोगों तक पहुंचाए गए।
इसके अलावा आम नागरिकों के बीच सड़क सुरक्षा से संबंधित पंपलेट का वितरण कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान बच्चों एवं युवाओं को विशेष रूप से सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पतंग जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें सुरक्षित यातायात का संदेश रचनात्मक तरीके से दिया गया। साथ ही जिले के विभिन्न स्थानों पर सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ के माध्यम से प्रचार–प्रसार कर आमजनों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रमों में शामिल जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (चांडिल), मोटरयान निरीक्षक सहित सड़क सुरक्षा टीम के सदस्यों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित हो।



