खरसावां में अवैध शराब कारोबार पर बड़ा प्रहार, 261 लीटर विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

खरसावां, 10 जनवरी : सरायकेला–खरसावां जिले में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त के निर्देशानुसार प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को खरसावां थाना क्षेत्र के ग्राम हरिभंजा में उत्पाद विभाग की टीम ने सघन छापामारी अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद विभाग द्वारा की गई छापामारी में नरेश कुमार मंडल के आवास से कुल 29 कार्टून अवैध विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 261 लीटर बताई गई है। बरामद शराब को विधिवत जब्त कर लिया गया है, वहीं आरोपी को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी लंबे समय से अवैध शराब के भंडारण और आपूर्ति में संलिप्त था।
उत्पाद अधीक्षक, सरायकेला ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और आगे भी नियमित एवं सघन छापामारी अभियान चलाए जाएंगे।
इस छापामारी दल में उत्पाद विभाग के प्रहार बल के अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सौदागर पंडित के साथ गृह रक्षक बल के दिनेश सरदार, सरदार हेंब्रम एवं अन्य जवान शामिल थे। टीम की तत्परता और सटीक सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई को उत्पाद विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन या उत्पाद विभाग को दें, ताकि जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।



