शीतलहर से राहत के लिए प्रशासन की पहल, पठानमारा व ईटाकुदर पंचायत में 100 जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

शीतलहर से राहत के लिए प्रशासन की पहल, पठानमारा व ईटाकुदर पंचायत में 100 जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण

सरायकेला, 10 जनवरी : सरायकेला–खरसावां जिले में शीतलहर और अत्यधिक ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को उपायुक्त के निर्देशानुसार सामाजिक सुरक्षा कोषांग के माध्यम से सरायकेला प्रखंड अंतर्गत पठानमारा एवं ईटाकुदर पंचायतों में कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा निवेदिता राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सरायकेला तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में दोनों पंचायतों के चयनित लाभुकों को कंबल प्रदान किए गए। प्रत्येक पंचायत में 50–50 लाभुकों को कंबल वितरित किए गए, जिससे कुल 100 जरूरतमंद लोगों को सीधा लाभ मिला। लाभुकों में वृद्ध, दिव्यांग, असहाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग शामिल थे।

कंबल वितरण का उद्देश्य कड़ाके की ठंड के दौरान जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाना और उन्हें शीतजनित बीमारियों से सुरक्षित रखना है। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने लाभुकों से संवाद करते हुए ठंड के मौसम में आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की। उन्हें पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने, अत्यधिक ठंड के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, अलाव या अन्य ऊष्मा स्रोतों का सुरक्षित तरीके से उपयोग करने तथा बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई।

इसके अलावा, किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की भी अपील की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है और शीतलहर के दौरान ऐसे राहत कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, स्थानीय मुखिया, वार्ड पार्षद, पंचायत समिति सदस्य, पंचायत कर्मी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे। सभी के सहयोग से कंबल वितरण कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

Share This Article