सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को उप विकास आयुक्त ने किया रवाना, यातायात नियमों के पालन की अपील

सरायकेला, 05 जनवरी : जिला परिवहन विभाग द्वारा सरायकेला–खरसावां जिला में 01 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाना है।
इसी क्रम में सोमवार को समाहरणालय परिसर से उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर सड़क सुरक्षा से संबंधित संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जिलेवासियों से यातायात नियमों के प्रति सजग रहने और सुरक्षित व्यवहार को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो ने बताया कि उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत जिले में विभिन्न जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसके अंतर्गत जागरूकता रथ एवं एलईडी वाहनों के माध्यम से ऑडियो–विजुअल प्रचार, सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, गीत–संगीत आधारित कार्यक्रम तथा सड़क सुरक्षा विषयक चित्रकला एवं रंगोली जैसी रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के अधिकांश मामलों में यातायात नियमों की अनदेखी प्रमुख कारण है, इसलिए नागरिकों में नियमों के प्रति स्वैच्छिक अनुपालन की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की अवस्था में वाहन न चलाने तथा नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न देने की विशेष अपील की।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि (सरायकेला विधानसभा) सानंद आचार्य, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी निवेदिता नियति, सब-रजिस्ट्रार घासीराम पिंगुआ, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रदीप उरांव, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार एवं रवि प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं विभागीय कर्मी उपस्थित रहे।



