साल के अंतिम दिन भाजपा विधायक पूर्णिमा दास पहुंचीं चांडिल डैम, परिवार संग उठाया प्रकृति के सानिध्य का आनंद

चांडिल, 31 दिसंबर : साल 2025 के अंतिम दिन भाजपा विधायक पूर्णिमा दास चांडिल डैम पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने परिवार के साथ प्राकृतिक सौंदर्य के बीच समय बिताया। चांडिल डैम की कल कल करती स्वच्छ जलधारा, हरियाली और मनमोहक वातावरण ने सभी को आकर्षित किया। चांडिल डैम पहुंचने पर भाजपा नेता देवाशीष राय ने विधायक का स्वागत किया। वहीं विधायक पूर्णिमा दास ने डैम परिसर में भ्रमण करते हुए प्रकृति के सानिध्य का आनंद लिया और परिवार के साथ यादगार पल बिताए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चांडिल डैम झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक है, जहां की प्राकृतिक छटा मन को शांति प्रदान करती है। व्यस्त राजनीतिक जीवन के बीच ऐसे स्थानों पर समय बिताना ऊर्जा और सकारात्मकता देता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्राकृतिक धरोहरों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने में सहयोग करें। पर्यटन स्थल के भ्रमण के दौरान लोग सचेत रहे और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें।
इस अवसर पर भाजपा नेता देवाशीष राय और नौका विहार संचालन समिति के प्रमुख सरदीप नायक ने चांडिल डैम में पर्यटन विकास और पर्यटकों की सुविधाओं को लेकर विधायक के साथ विस्तृत चर्चा किया। विधायक ने चांडिल डैम के विस्थापितों की समस्याओं को भी गौर से सुना और विधानसभा पटल पर रखने का आश्वासन दिया।डैम परिसर में मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने विधायक को देखकर उनका अभिवादन किया। कई लोगों ने उनसे क्षेत्र की समस्याओं को भी साझा किया।
साल के अंतिम दिन चांडिल डैम में पर्यटकों की खासी भीड़ देखने को मिली। परिवारों और युवाओं ने पिकनिक मनाई और नए साल के स्वागत से पहले प्रकृति के बीच सुकून के पल बिताए। विधायक की मौजूदगी से क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। लोगों ने यहां नौका विहार का भरपूर आनंद उठाया।



