अज्ञात टेलर की टक्कर से नीमडीह के युवक की मौत, हेलमेट पहने होने के बावजूद सिर में आई गंभीर चोट
चांडिल, 28 दिसंबर : सरायकेला–खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–रांची टोल रोड पर चिलगु के समीप रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान नीमडीह थाना क्षेत्र के तिल्ला गांव स्थित टोला करमगोड़ा निवासी विदुभूषण गोप के एकमात्र पुत्र सुदर्शन गोप के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 5 बजे की है। सुदर्शन गोप अपनी केटीएम बाइक से जमशेदपुर से चांडिल की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात टेलर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टेलर चालक मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टेलर अत्यधिक गति में था और टक्कर मारने के बाद बिना रुके तेजी से भाग निकला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय युवक शेखर गांगुली अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की व्यवस्था की। साथ ही सड़क पर यातायात को भी सामान्य कराया गया। आश्चर्यजनक बात यह है कि मृतक ने हेलमेट पहन रखा था, इसके बावजूद उसे सिर में गंभीर चोट लगी, जो उसकी मौत का मुख्य कारण बनी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस अज्ञात टेलर की तलाश में जुट गई है।