दो दिन से लापता 14 वर्षीय छात्र का शव बरामद, कपाली में शोक

चांडिल, 27 दिसंबर : सरायकेला खरसावां जिला अंतर्गत कपाली नगर परिषद क्षेत्र के ताज नगर वार्ड संख्या 13 में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद बाउंड्री के भीतर 14 वर्षीय छात्र का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। मृतक की पहचान मो साबिर के रूप में हुई है, जो गरीब कॉलोनी स्थित बावनगोड़ा (कबीरिया) स्कूल में कक्षा आठ का छात्र था।
जानकारी के अनुसार, साबिर 25 दिसंबर से लापता था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 26 दिसंबर को कपाली ओपी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
शनिवार को पास के मैदान में क्रिकेट खेल रहे कुछ युवक गेंद खोजते हुए बाउंड्री के अंदर पहुंचे, जहां शव पड़ा देख शोर मचाया गया। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
मृतक के पिता मो समीर ने कहा कि वे मेहनत कर अपने बच्चे को पढ़ा रहे थे, उसका भविष्य संवारने का सपना था। अब सब खत्म हो गया। घटना के बाद घर में कोहराम मचा हुआ है, मां बेसुध हैं। घटना को लेकर इलाके में शोक के साथ आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



