परिषदन सभागार में विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति की समीक्षा बैठक

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

परिषदन सभागार में विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति की समीक्षा बैठक

सरायकेला, 21 दिसंबर : झारखंड विधानसभा की पर्यावरण एवं प्रदूषण नियंत्रण समिति ने परिसदन सभागार, सरायकेला में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सह माननीय विधायक उदय शंकर सिंह ने की। बैठक में विधायक श्वेता सिंह, विधायक जिग्गा सुसारण होरो तथा पोटका विधायक संजीव सरदार उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिला खनन पदाधिकारी से जिले में संचालित खदानों, बालू घाटों की स्थिति तथा राजस्व संकलन की प्रगति की समीक्षा की गई। पदाधिकारी ने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रह किया जा रहा है। समिति ने अवैध खनन, भंडारण एवं परिवहन पर सख्त निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रदूषण नियंत्रण विभाग से औद्योगिक इकाइयों में प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा करते हुए समिति ने सभी इकाइयों में एयर पॉल्यूशन कंट्रोल यूनिट की स्थापना, पर्यावरणीय मानकों का पालन, पौधारोपण, चाहरदीवारी निर्माण तथा सड़कों पर नियमित जल छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रदूषण संबंधी शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया गया।

बैठक में श्रम अधीक्षक को न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित कराने तथा नियोजन पदाधिकारी को स्थानीय लोगों को 75 प्रतिशत रोजगार देने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को बायो-मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक निष्पादन का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article