ईचागढ़ को अब तक नहीं मिला संगठनात्मक प्रतिनिधित्व, भाजपा के लिए अग्निपरीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

ईचागढ़ को अब तक नहीं मिला संगठनात्मक प्रतिनिधित्व, भाजपा के लिए अग्निपरीक्षा

ईचागढ़, 21 दिसंबर : ईचागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक इतिहास पर नजर डालें तो अब तक यहां के किसी भी कार्यकर्ता को न तो विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया गया है और न ही संगठन में कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे स्थानीय कार्यकर्ताओं में इसे लेकर निराशा और असंतोष देखा जा रहा है।

स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों का मानना है कि झारखंड राज्य गठन के बाद संगठन ने अब तक ईचागढ़ को नजरअंदाज किया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करने में स्थानीय कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है, बावजूद इसके उन्हें उचित सम्मान और प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया।

अब जब संगठन में जिलास्तरीय दायित्वों को लेकर चर्चाएं तेज हैं, तो ईचागढ़ क्षेत्र के लोगों को उम्मीद जगी है कि इस बार पार्टी नेतृत्व इस अवसर का लाभ उठाएगा और ईचागढ़ के किसी जमीनी कार्यकर्ता को जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपेगा। कार्यकर्ताओं का मानना है कि ऐसा निर्णय न केवल क्षेत्रीय संतुलन स्थापित करेगा, बल्कि संगठन पर लगे उपेक्षा के आरोपों को भी काफी हद तक समाप्त करेगा।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यदि भाजपा इस बार भी ईचागढ़ को प्रतिनिधित्व देने से चूकती है, तो इसका असर आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीति और जनाधार पर पड़ सकता है। ऐसे में ईचागढ़ को संगठन में सम्मानजनक स्थान देना भाजपा नेतृत्व के लिए एक अहम परीक्षा माना जा रहा है।

Share This Article