जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान, तिरुलडीह से रघुनाथपुर तक लोगों को किया गया सतर्क

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान, तिरुलडीह से रघुनाथपुर तक लोगों को किया गया सतर्क

नीमडीह, 20 दिसंबर : झारखंड उच्च न्यायालय एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावां की ओर से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस क्रम में शनिवार को तिरुलडीह शहीद चौक तथा नीमडीह थाना अंतर्गत रघुनाथपुर में अलग-अलग स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

तिरुलडीह शहीद चौक पर आयोजित कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव तौसीफ मेराज के आदेशानुसार पीएलवी, तिरुलडीह थाना गश्ती टीम एवं ट्रैफिक पुलिस बल के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ। इस दौरान राहगीरों एवं वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। पीएलवी अरुण कुमार महतो, फागुराम महतो सहित ट्रैफिक पुलिस कर्मी मौके पर मौजूद रहे।

वहीं नीमडीह थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में लोगों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट पहनने, तेज गति से वाहन न चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं, जिन्हें नियमों का पालन कर काफी हद तक रोका जा सकता है। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि नियम तोड़ने पर जुर्माना, लाइसेंस रद्द होने और जेल तक का प्रावधान है।

कार्यक्रम के दौरान लोगों के बीच कानूनी पुस्तिका एवं पर्चियों का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर एएसआई संतोष उरांव, पीएलवी शुभंकर महतो, सुकरंजन कुमार, अंबुज गोप सहित अन्य उपस्थित थे।अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है, जिसे गंभीरता से अपनाने की आवश्यकता है।

Share This Article