विधानसभा चुनाव ड्यूटी के दौरान दिवंगत कर्मी के आश्रित को मिला 15 लाख का अनुग्रह अनुदान

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

विधानसभा चुनाव ड्यूटी के दौरान दिवंगत कर्मी के आश्रित को मिला 15 लाख का अनुग्रह अनुदान

सरायकेला, 19 दिसंबर : विधानसभा आम निर्वाचन 2024 के दौरान निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) स्वर्गीय प्रदीप गोआला के आकस्मिक निधन के उपरांत शुक्रवार को उनके आश्रित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिवंगत कर्मी की पत्नी प्रोतिभा गोआला को पंद्रह लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि सरायकेला खरसावां जिला के उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में चेक के माध्यम से प्रदान की गई।

इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देशित किया कि निर्वाचन कार्य के दौरान किसी भी आकस्मिक घटना से संबंधित मामलों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक दस्तावेजों का त्वरित सत्यापन सुनिश्चित करते हुए अनुग्रह अनुदान एवं अन्य अनुमन्य लाभों का भुगतान समयबद्ध, पारदर्शी एवं संवेदनशील तरीके से किया जाए।

जिला प्रशासन की ओर से दिवंगत कर्मी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई तथा यह आश्वासन दिया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में अन्य अनुमन्य लाभों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार सुनिश्चित की जाएगी।

इस मौके पर जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, सशस्त्र सीमा बल बीएन 67 के कमांडेंट सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article