स्वर्णरेखा नदी में अज्ञात महिला का शव बरामद, डूबने से मौत की आशंका

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

स्वर्णरेखा नदी में अज्ञात महिला का शव बरामद, डूबने से मौत की आशंका

चांडिल, 19 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वर्णरेखा नदी के कांदरबेड़ा स्थित गीतिलबेड़ा (पुराना पिकनिक स्पॉट) में शुक्रवार की सुबह एक 45 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों ने शव को देखा और तत्काल इसकी सूचना चांडिल थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि मृत महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है ताकि महिला के संबंध में कोई जानकारी मिल सके। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या जख्म के निशान नहीं पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलु से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article