एमबीएनएस में तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

चांडिल, 18 दिसंबर : एमबीएनएस समूह के शैक्षणिक संस्थान द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन कैरम, शतरंज, बैडमिंटन, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट एवं कबड्डी जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कैरम प्रतियोगिता में सालखान हेम्ब्रम एवं अशिष बराइक ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। शतरंज प्रतियोगिता में स्मृति रानी ने सूझबूझ और धैर्यपूर्ण खेल का परिचय देते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बैडमिंटन एकल में शांड्या बेली और रितिका ने जीत दर्ज की। बैडमिंटन डबल्स में अशिष एवं प्रदीप कुमार महतो की जोड़ी ने बेहतर तालमेल और आक्रामक खेल से प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह एवं निदेशक अनूपा सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खेल समन्वयक राजेश्वर प्रसाद वर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है।
अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। निदेशक अनूपा सिंह ने इसे छात्रों के लिए प्रेरणादायी और यादगार आयोजन बताया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में आगे भी विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।



