चांडिल : कुहासे की आड़ में सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों के एकजुट होते ही भूमाफिया जेसीबी समेत फरार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल : कुहासे की आड़ में सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों के एकजुट होते ही भूमाफिया जेसीबी समेत फरार

चांडिल, 11 दिसंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अंचल अंतर्गत मौजा आसनबनी में आज सुबह कुहासे का फायदा उठाते हुए कुछ भूमाफियाओं द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से समतलीकरण एवं कब्जा करने का प्रयास किया गया। खाता संख्या 460, प्लॉट संख्या 2038, रकबा 40 डिसमिल पर जेसीबी मशीन से तेजी से कार्य चल रहा था। इसी बीच क्षेत्र के ग्रामीणों को जब इसकी भनक लगी, तो वे एक-एक कर मौके पर पहुंचने लगे। ग्रामीणों की बढ़ती संख्या और विरोध को देखते हुए जेसीबी मशीन संचालक एवं कथित भूमाफिया मौके से फरार हो गए।

ग्रामीणों ने बताया कि यह भूमि ग्रामसभा आसनबनी की है, जिसे सरकारी उपयोग एवं भविष्य के विकास कार्यों के लिए सुरक्षित रखा गया है। उनका आरोप है कि आसनबनी एवं बिरीगोड़ा क्षेत्र के कुछ जमीन दलाल लंबे समय से सरकारी एवं CNT भूमि पर अवैध कब्जा कर बेचने की फिराक में हैं। ग्रामीणों ने कहा कि वर्ष 2022 में भी इसी भूखंड को कब्जाने का प्रयास किया गया था, लेकिन उस समय भी ग्रामीणों ने एकजुट होकर अवैध कृत्य का विरोध कर प्रयास को विफल कर दिया था। उस समय उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत भी दी गई थी।

अब तीन वर्ष बाद पुनः उसी भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश ने ग्रामीणों में आक्रोश भर दिया है। आसनबनी ग्रामसभा के लाया भूषण पहाड़िया ने प्रशासन से मांग की है कि आसनबनी मौजा स्थित सभी सरकारी एवं CNT प्रतिबंधित भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही, भूमाफियाओं की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

ग्रामीणों ने साफ कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर वे पुनः एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Share This Article