जेल सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी तेज, उपायुक्त ने कारा परिसरों की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जेल सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी तेज, उपायुक्त ने कारा परिसरों की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा कर दिए कड़े निर्देश

जमशेदपुर, 10 दिसंबर : जिले के कारा परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार शिवाशीष, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर भगीरथ प्रसाद, एसडीएम धालभूम चन्द्रजीत सिंह, एसडीपीओ घाटशिला अजीत कुजूर, जेल उपाधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में घाघीडीह केंद्रीय कारा, साकची कारा और घाटशिला उपकारा की सुरक्षा स्थिति, उपलब्ध संसाधनों तथा आंतरिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कैदियों के सेल, अस्पताल, वॉच टावर, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ–सफाई की स्थिति पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जेल सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील विषय है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सुरक्षा ऑडिट के तहत कारा, उपकारा, बाल सुधार गृह, अस्पतालों के कैदी वार्ड और कोर्ट हाजत सहित सभी संवेदनशील स्थलों का औचक निरीक्षण और नियमित रेड की जाए। सुरक्षा मानकों का समय-समय पर परीक्षण और सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में एमजीएम अस्पताल में एक नए कैदी वार्ड के लिए यथाशीघ्र स्थल चिन्हित करने तथा जमशेदपुर रेलवे स्टेशन में कोर्ट हाजत स्थापित करने की पहल करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही वॉच टावरों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और सभी विभागों के बीच समन्वय को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी जिम्मेदारी को स्पष्ट रूप से समझते हुए कार्य करें, ताकि कारा प्रबंधन और अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और अनुशासित रूप में विकसित हो सके।

Share This Article