तेज रफ्तार बस ने मारी टक्कर, कार पलटी – आदर्श कुमार गंभीर रूप से घायल, बस फरार

चांडिल, 09 दिसंबर : टाटा–रांची फोरलेन मार्ग पर सोमवार की रात तेज रफ्तार बस के धक्के से एक मारुति जेन कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार कांदरबेड़ा से चिलगु की ओर जा रही कार को शहरबेड़ा के समीप पीछे से आ रही एक बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क किनारे पलटकर क्षतिग्रस्त हो गई।
कार में सवार सोनारी ओल्ड सोसाइटी निवासी आदर्श कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही चिलगु निवासी शेखर गांंगुली, सुजीत महतो सहित दर्जनभर युवक तुरंत घटनास्थल पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल आदर्श कुमार को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
सूचना पर चांडिल थाना पुलिस की गश्ती टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार बस व चालक की तलाश में जुटी है।



