मेगा लीगल एंपावरमेंट कैंप में 54 लाख 32 हजार रुपये की परिसंपत्ति वितरित

चांडिल, 07 दिसंबर : चांडिल प्रखंड सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) सरायकेला-खरसावां की ओर से रविवार को मेगा विधिक जागरूकता सह सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 54 लाख 32 हजार रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चांडिल अनुमंडल न्यायालय के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डॉ. रवि प्रकाश तिवारी ने की।
अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी डॉ. रवि प्रकाश तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि डालसा गरीब, शोषित, वंचित व मध्यवर्गीय जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराता है। साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क अधिवक्ता भी प्रदान किए जाते हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति न्याय से वंचित न रहे। उन्होंने महिलाओं को बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अधिकारों को लेकर जागरूक रहने की सलाह दी।
सशक्तिकरण शिविर में अनुमंडल पदाधिकारी विकास राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी तलेश्वर रविदास, जेसएलपीएस के बीपीएम, पीएलवी भूपेन चंद्र महतो, मो रमजान अंसारी, अरुण कुमार महतो, राजकुमार महतो, विष्णु महतो, शबनम खातून, वंदना महतो, नेहा कुमारी, प्रखंड व अंचल कार्यालय के कर्मी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। अधिकारियों ने लोगों को विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा निःशुल्क कानूनी सहायता सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।



