गौरांगकोचा चेकनाका में अवैध रूप से बालू का परिवहन करते दो ट्रैक्टर जप्त

ईचागढ़, 07 दिसंबर : बालू के अवैध परिचालन पर रोक लगाने के लिए ईचागढ़ थाना क्षेत्र के गौरांगकोचा ब्लॉक मोड़ पर प्रशासन द्वारा लगाए गए चेक नाका पर रविवार को दो ट्रैक्टर पकड़े गए। दोनों ट्रैक्टर बिना वैध चालान एवं कागजात के बालू ढोते पाए गए। जांच के दौरान चालक उचित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद वाहनों को जब्त कर ईचागढ़ थाना परिसर भेज दिया गया। यहां तीन पालियों में 24 घंटे पुलिस व प्रशासन की संयुक्त टीम बालू के अवैध परिचालन पर निगरानी रख रहे हैं। घटना रविवार अहले सुबह का बताया जा रहा है।
दो ट्रैक्टर हुए फरार
बताया गया कि जांच के दौरान बालू लदा दो ट्रैक्टर भागने में सफल रहे। पुलिस की टीम दो ट्रैक्टर को ही पकड़ सकी। अवैध खनन और परिवहन पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा निगरानी बढ़ाई गई है। इसी कड़ी में ईचागढ़ थाना क्षेत्र में तीन और तिरुलडीह थाना क्षेत्र में एक स्थान पर चेकनाका लगाया गया है। चेकनाका में पुलिस और प्रशासन की टीम संयुक्त रूप से अवैध कारोबार पर निगरानी रख रही है। वहीं सभी स्थानों पर सीसीटीवी भी लगाया गया है। चेकनाका लगाए जाने के बाद बालू का अवैध परिवहन करने वालों में हडकंप मचा हुआ है।
नियुमानुसार होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान चेकनाका टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टरों को रोका। अधिकारियों के अनुसार बिना चालान और वैद्य कागजातों के अवैध रूप से बालू ढोना कानून का गंभीर उल्लंघन है, जिसके लिए संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में शामिल वाहनों व व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। रात के वक्त चेकनाका में गहन जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि बालू के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।



