नववर्ष पूर्व अवैध शराब के विरुद्ध अभियान में विदेशी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन

सरायकेला, 04 दिसंबर : नववर्ष पर मनाए जाने वाले जश्न के मद्देनजर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के आदेश एवं उत्पाद अधीक्षक सौरभ कुमार तिवारी के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण तथा बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को गम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गंजिया बैराज के समीप ज्योति भट्ठा के पास स्थित जंगली क्षेत्र में बने एक अस्थायी ढांचे पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ। मौके से स्पिरिट, रंगीन तैयार तरल, विभिन्न ब्रांडों की खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क, नकली लेबल, आसंजक पदार्थ तथा स्वाद एवं रंग हेतु प्रयुक्त कैरामेल सहित भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई। साथ ही मैकडॉवेल, रॉयल स्टैग, स्टर्लिंग रिजर्व, रॉयल चैलेंज और आइकॉनिक जैसे ब्रांडों की बोतलबंद शराब भी पेटियों में पाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार कार्रवाई के क्रम में कुल 200 लीटर स्पिरिट, लगभग 50 लीटर अवैध विदेशी शराब तथा 2 लीटर कैरामेल जब्त किया गया। बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, कॉर्क और लेबल भी बरामद हुए। अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी हेतु आगे की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया जा रहा है।



