एसएसपी की मासिक अपराध समीक्षा बैठक संपन्न

ड्रग्स तस्करी, अवैध हथियार और लंबित कांडों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश
जमशेदपुर, 27 नवंबर : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पियूष पांडेय की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस अधीक्षक (नगर) एवं शहरी क्षेत्र के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, निरीक्षकों और थाना प्रभारियों की मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले की सुरक्षा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा कई महत्वपूर्ण दिशानिर्देश जारी किए गए।
बैठक में एसएसपी ने विशेष रूप से तीन प्रमुख बिंदुओं पर तत्पर और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया—
मादक पदार्थ तस्करी पर नकेल कसें
एसएसपी ने कहा कि जिले में ड्रग्स पैडलिंग एक गंभीर चुनौती है। सभी थानों को निर्देश दिया गया कि ड्रग्स तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए और नेटवर्क को चिन्हित कर कार्रवाई तेज की जाए।
अवैध हथियारों की बरामदगी हो पर्याप्त
बैठक में अवैध हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए सघन अभियान चलाने पर जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि हथियार बरामदगी बढ़ाने से आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
लंबित कांडों के निष्पादन में लाएं तेजी
जिले में लंबे समय से लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का आदेश दिया गया। एसएसपी ने कहा कि प्रत्येक थाना प्रभारी अपनी प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए उत्तरदायी होगा।
इसके साथ ही वारंट एवं कुर्की के शीघ्र निष्पादन, पासपोर्ट और चरित्र सत्यापन की स्थिति, फरार अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई, तथा Citizen Portal, JOFS और CCTNS से जुड़े कार्यों पर भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अधिकारियों को निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि “अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय, समन्वित और जवाबदेह पुलिसिंग अनिवार्य है। प्रत्येक थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।”
बैठक में सभी पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि जिले में आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



