कुकड़ू प्रखंड के पंडरा मध्य विद्यालय में संविधान दिवस मनाया गया

कुकड़ू, 26 नवंबर : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला-खरसावां के सचिव तौसीफ मिराज के निर्देशानुसार बुधवार को कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय, पांडरा में संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान, उनके मूल अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर पीएलवी विकास चंद्र महतो, फागुराम महतो तथा मस्तान सिंह महतो ने बच्चों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक शपथ-पाठ कराया। उन्होंने छात्रों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों की जानकारी देते हुए कहा कि हर नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का पालन भी समान रूप से करना चाहिए। बच्चों को सरल भाषा में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे संवैधानिक मूल्यों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक रविन्द्र मछुआ भी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को संविधान दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि देश का भविष्य इन विद्यार्थियों के हाथों में है, इसलिए उनका संवैधानिक रूप से जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।



