कुकडू हाट तोला में संयुक्त आदिवासी सामाजिक संगठन की महत्वपूर्ण बैठक, जल–जंगल–जमीन की सुरक्षा पर जोर

कुकडू, 23 नवंबर : संयुक्त आदिवासी सामाजिक संगठन, चांडिल अनुमंडल कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को कुकडू हाट तोला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के वरिष्ठ सदस्यों ने की, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में प्रमुख रूप से उमेश सिंह मुंडा, सतीश हांसदा, मनोरंजन सिंह, कर्ण मुर्मू, नारायण हांसदा, संजीत टुडू, रवि सिंह मुंडा और नरेश सिंह मुंडा उपस्थित थे। सभी वक्ताओं ने आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया।
बैठक में जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा को लेकर व्यापक चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासियों के पारंपरिक हक और अधिकार लगातार प्रभावित हो रहे हैं, जिसके खिलाफ संगठित रूप से आवाज उठाने की जरूरत है। उन्होंने हाल ही में आदिवासी समुदाय पर बढ़ते अत्याचारों और हमलों की कड़ी निंदा की। संगठन के सदस्यों ने कहा कि ऐसे हालात में आपसी एकजुटता और संगठित संघर्ष ही समाधान का मार्ग है।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने तय किया कि आने वाले दिनों में क्षेत्रीय स्तर पर जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें गांव-गांव जाकर लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों और परंपरागत संसाधनों की रक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा।
मौके पर अजित सिंह मुंडा, टुम्पा हांसदा, रघु सिंह पातर, भिरगु सिंह पातर, मकर बास्के, पशुपति सिंह, बुद्धेश्वर टुडू, श्यामल मार्डी और डोमन बास्के सहित कई लोग उपस्थित थे।
बैठक का समापन एक स्वर में इस संकल्प के साथ हुआ कि आदिवासी हितों की रक्षा के लिए संगठन निरंतर संघर्ष करेगा और किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करता रहेगा।



