राजनगर में पंचर बनाने की दुकान से 710 लीटर डीजल बरामद, तीन गिरफ्तार

राजनगर, 21 नवंबर : राजनगर थाना क्षेत्र के कुजु में अवैध रूप से डीजल की चोरी कर बेचे जाने का एक मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में वरीय पदाधिकारी से मिली सूचना के बाद राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार ने छापामारी कर टायर पंचर दुकान से कुल 710 लीटर डीजल बरामद किया है। इसके साथ ही तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्तियों में बिहार के गया जिला के गुरुआ थाना क्षेत्र के मोतिविगिहा निवासी 38 वर्षीय आसीफ अंसारी, बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना अंतर्गत दामोदरी के रहने वाले 52 वर्षीय मुस्तकीम अंसारी और सादिकपुर के रहने वाले 18 वर्षीय मोहम्मद सलाम शामिल है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुजु स्थित आसीफ अंसारी के टायर पंचर दुकान में अवैध रूप से डीजल की चोरी कर बेचा जा रहा है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए छापामारी दल गठन कर ग्राम कुजु स्थित आसीफ अंसारी के टायर पंचर दुकान में छापामारी किया गया। इस दौरान टायर पंचर दुकान से प्लास्टिक एवं टीना के ड्राम में डीजल पाया गया। टायर दुकान मालिक आसीफ अंसारी तथा कर्मियों मुस्तकीम अंसारी एवं मोहम्मद सलाम के द्वारा डीजल से संबंधित कोई वैद्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
उक्त टायर दुकान से 19 प्लास्टिक के ड्राम में 380 लीटर डीजल, 04 प्लास्टिक के ड्राम में 60 लीटर डीजल एवं 27 टीना का जार में 270 लीटर डीजल, कुल 710 लीटर डीजल बरामद किया गया। उक्त डीजल बड़े वाहनों के चालक से डीजल चोरी छुपे खरीदकर अधिक दाम में बेचा जाता था। छापामारी दल में राजनगर थाना प्रभारी पुअनि चंचल कुमार, पुअनि नंदजी राम गोंड, सअनि शियनाथ सरदार (अनुसंधानकर्ता) और राजनगर थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



